नई दिल्ली, 17 अप्रैल । दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने शुक्रवार को नगर निगम (एमसीडी) को स्वच्छता सहित प्रमुख नगरीय मुद्दों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया और बाजार क्षेत्रों तथा फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने पर भी जोर दिया। लोक निवास के अधिकारियों ने बताया कि एमसीडी आयुक्त संजीव खिरवार और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में संधू ने स्वच्छता को “प्राथमिकता क्षेत्र” बताया। आधिकारिक बयान के अनुसार, उपराज्यपाल ने कचरा हटाने की प्रक्रिया तेज करने और पूरे शहर में मशीनीकृत सड़क सफाई मशीनों की तैनाती बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने बाजार क्षेत्रों और फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने तथा प्रभावी रोकथाम के लिए जुर्माना वसूली सुनिश्चित करने को कहा। संधू ने प्रमुख बाजारों में पार्किंग ढांचा विकसित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया, ताकि भीड़भाड़ कम हो और पहुंच बेहतर हो सके। उन्होंने सड़कों और ‘स्ट्रीट लाइट’ के समय पर रखरखाव के निर्देश भी दिए।