नई दिल्ली, 22 अप्रैल। दिल्ली पंचायत संघ की दिल्ली देहात व गांव ग्रामीणों की समस्याओ को लेकर पंच प्रमुखों की बैठक हुई इसमें दिल्ली की मुख्यमंत्री से सभी गांवों व ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ती पार्किंग समस्या पर तत्काल संज्ञान लेने और ठोस समाधान लागू करने की मांग की गई। पंचायत संघ प्रमुख थान सिंह यादव के मुताबिक इस मौके पर उन्होंने मुख्य मार्गों को चरणबद्ध तरीके से चौड़ाकरण करने और अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर पंचों ने प्रस्ताव पारित किए। पंचायत संघ सह प्रमुख सुनील शर्मा ने कहा कि दिल्ली देहात व गांव ग्रामीणों के मुद्दों को लेकर दिल्ली पंचायत संघ ने अगले माह एक महापंचायत बुलाने का निर्णय लिया है, जिसमें आगे की रणनीति तय की जाएगी । ने संवाददाताओं से कहा कि दिल्ली के अधिकांश गांवों की संरचना संकरी गलियों वाली है, जहां बढ़ती आबादी और वाहनों की संख्या के कारण पार्किंग की समुचित व्यवस्था न होने से आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में प्रत्येक गांव में व्यवस्थित पार्किंग की योजना बनाना अत्यंत आवश्यक हो गया है। संघ का कहना है कि दिल्ली के गांवों में तेजी से हो रहे शहरीकरण के चलते पार्किंग की समस्या विकराल रूप ले चुकी है, जिससे विवाद की स्थिति ज्यादा उत्पन्न हो सकती है।