नई दिल्ली, 17 अप्रैल। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने शुक्रवार को कहा कि इंद्रप्रस्थ और सुप्रीम कोर्ट स्टेशनों के बीच निर्धारित ट्रैक रखरखाव कार्य के लिए रविवार सुबह ब्लू लाइन पर मेट्रो सेवाएं कुछ समय के लिए बाधित रहेंगी।
डीएमआरसी ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि ब्लू लाइन पर सामान्य ट्रेन सेवाएं सुबह 6:30 बजे के बाद फिर से शुरू हो जाएंगी। डीएमआरसी ने कहा कि प्रभावित समय के दौरान यात्रा करने वाले यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी यात्रा की योजना तदनुसार बनाएं और अतिरिक्त यात्रा समय का ध्यान रखें।
उन्होंने कहा-19 अप्रैल की सुबह के दौरान लाइन 3 और लाइन 4 पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित होगा। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, वैशाली से द्वारका सेक्टर-21 की ओर जाने वाली पहली ट्रेन सुबह 6.05 बजे रवाना होगी, जबकि लक्ष्मी नगर से द्वारका सेक्टर-21 की ओर जाने वाली ट्रेनें सुबह 6.21 बजे शुरू होंगी।
यमुना बैंक से द्वारका सेक्टर-21 की ओर जाने वाली पहली ट्रेन सुबह 5.50 बजे शुरू होगी। डीएमआरसी ने बताया कि द्वारका से नोएडा इलेक्ट्रानिक सिटी और द्वारका सेक्टर-21 से नोएडा और वैशाली की ओर जाने वाली पहली ट्रेनों के समय में कोई बदलाव नहीं होगा।