नई दिल्ली, 17 अप्रैल। कोचिंग सेंटर, इंस्टीट्यूट व कॉरपोरेट जगत में धर्मांतरण, लव जिहाद जैसे मुद्दों पर शुक्रवार को दक्षिणपंथी संगठनों ने दिल्ली में कई जगहों पर प्रदर्शन किया। विश्व हिंदु परिषद के प्रवक्ता विनोद बंसल ने कहा कि दिल्ली में नौ जगह प्रदर्शन कर हमने समाज और सरकार का ध्यान खींचा। क्योंकि अब चीजें ज्यादा विकृत हो गईं है। मुस्लिम महिलाएं जिहाद का हिस्सा बन रहीं हैं।
उन्होंने कहा-‘नारी उत्पीड़न की घटनाएं मदरसों और मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों से बाहर निकाल अब सैलून, जिम, कोचिंग सेंटर, इंस्टीट्यूट व कॉरपोरेट जगत में भी घुस गई हैं। इन सब के विरुद्ध समाज को जागरूक करने तथा धर्मांतरण और उससे जुड़े विभिन्न पहलुओं पर देश को जगाने के लिए बजरंग दल और हिंदू परिषद आदि ने देश व्यापी प्रदर्शन व जागरूकता रैली निकाली। दिल्ली में नेहरू प्लेस, विश्वविद्यालय परिसर क्षेत्रों, कनाट प्लेस सहित व्यवसायिक ईलाकों में प्रदर्शन व जागरूकता रैली का आयोजन हुआ। इनमें बड़ी संख्या में भाग लेकर हिंदू धर्म संस्कृति और सनातन जीवन मूल्यों की रक्षा के लिए समाज को जागरूक होने की अपील भी की गई।