नई दिल्ली, 17 अप्रैल। मजदूरों की गिरफ्तारी के विरोध में नोएडा की जिलाधिकारी मेधा रूपम के आवास के बाहर चल रहे धरने में शुक्रवार को कई सांसद और वामपंथी नेता शामिल हुए।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की दिल्ली राज्य कमेटी ने मजदूरों पर कथित पुलिसिया दमन और पार्टी नेताओं की गिरफ्तारी की कड़ी निंदा की है।
धरने में पार्टी के महासचिव एमए बेबी, पोलित ब्यूरो सदस्य अरुण कुमार, राज्यसभा सांसद शिवदासन, एए रहीम और राज्य सचिव अनुराग सक्सेना समेत वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया। नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस ने राज्य सचिवालय सदस्य अनियन पीवी और राज्य कमेटी सदस्य वीरेंद्र गौड़ को अवैध रूप से हिरासत में रखा है, जबकि उनके फोन भी बंद हैं।
धरनास्थल पर नेताओं ने कहा कि सरकार कार्पोरेट हितों के दबाव में मजदूरों के अधिकारों का दमन कर रही है। उन्होंने जिलाधिकारी आवास के बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था को अघोषित आपातकाल जैसा बताया।