नई दिल्ली, 17 अप्रैल। जामिया हमदर्द ने शुक्रवार को कहा कि इस साल उसने 7,202 छात्रों को स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी की उपाधियां प्रदान की। इस समारोह में संसद सदस्यों (सांसदों), विधान परिषद सदस्यों (एमएलसी), कुलपतियों, वरिष्ठ नौकरशाहों, प्रख्यात शिक्षाविदों, वैज्ञानिकों, व्यापारिक नेताओं और विभिन्न देशों के राजनयिकों सहित कई प्रतिष्ठित गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया, साथ ही विश्वविद्यालय की कार्यकारी परिषद और शैक्षणिक परिषद के सदस्य भी उपस्थित थे।
बयान में उसने कहा-‘ इस बाबत दीक्षांत समारोह सफलतापूर्वक आयोजित किया, 7,202 छात्रों को उपाधियां मिली।’ परीक्षा नियंत्रक सैयद सऊद अख्तर के अनुसार, कुल 7,202 छात्रों को स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी की उपाधियां प्रदान की गईं। इसके अतिरिक्त, दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा केंद्र (सीडीओई) के 109 स्नातकोत्तर छात्रों ने भी स्नातक की उपाधि प्राप्त की। शैक्षणिक उत्कृष्टता को मान्यता देते हुए, विश्वविद्यालय ने मेधावी छात्रों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 250 स्वर्ण पदक प्रदान किए।