नई दिल्ली, 22 अप्रैल । बढ़ते तापमान के बीच शिक्षा निदेशालय (डीओई) ने दिल्ली के स्कूलों को हर 45-60 मिनट पर घंटी बजाकर छात्रों को पानी पीने की याद दिलाने को कहा हैं, ताकि बच्चे एक-दूसरे के स्वास्थ्य पर नजर रख सकें।
ये निर्देश दिल्ली सरकार के स्कूलों, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों के लिए जारी ताजा एहतियाती उपायों का हिस्सा हैं।
यह कदम भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की उस चेतावनी के बीच उठाया गया है, जिसमें आने वाले दिनों में राष्ट्रीय राजधानी में ऊष्ण लहर और प्रतिकूल मौसम की स्थिति की आशंका जताई गई है।
डीओई के परिपत्र के अनुसार, ‘वॉटर बेल’ प्रणाली के तहत स्कूलों को हर 45 से 60 मिनट में घंटी बजानी होगी, ताकि छात्र नियमित रूप से पानी पीकर निर्जलीकरण (डिहाइड्रेशन) से बच सकें।
परिपत्र में कहा गया है कि खुले में होने वाली सभाओं का समय सीमित किया जाए या उन्हें छायादार अथवा बंद स्थानों पर कम अवधि के लिए आयोजित किया जाए और खुले में कक्षाएं संचालित न की जाएं। इसके तहत छात्रों को पर्याप्त मात्रा में पीने का पानी साथ लाना अनिवार्य होगा और स्कूलों को कई सुलभ स्थानों पर सुरक्षित एवं ठंडे पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है।