नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उत्तर दिल्ली के आजादपुर मंडी के पास किए जा रहे विकास कार्यों का सोमवार 20 अप्रैल को निरीक्षण किया और नालों के खुले होने तथा स्वच्छता की कमी पाए जाने पर अधिकारियों को फटकार लगाई।
गुप्ता ने यहां दिल्ली मेट्रो, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के अधिकारियों के साथ आजादपुर के पास गुप्ता मार्केट, आजादपुर चौक और त्रिपोलिया चौक के साथ-साथ आसपास इलाके में किए रहे कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों से विस्तृत प्रगति रिपोर्ट तलब की।
एक आधिकारिक के मुताबिक, अव्यवस्था और खराब स्वच्छता व्यवस्था को देखकर मुख्यमंत्री ने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को सख्त फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अब काम केवल कागजों में नहीं, बल्कि जमीन पर साफ तौर पर दिखाई देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभागों को स्थानीय नागरिकों के आवागमन और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य करने के निर्देश दिए गये हैं।