नोएडा: नोएडा के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में हुए हिंसक मजदूर प्रदर्शन के सिलसिले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
अधिकारियों ने 20अप्रैल को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिमांशु ठाकुर और सत्यम वर्मा के रूप में हुई है। उसने बताया कि दोनों ‘बिगुल मजदूर दस्ता’ के सक्रिय सदस्य बताए जा रहे हैं और घटना के मुख्य साजिशकर्ता आदित्य आनंद से पूछताछ के बाद इनकी गिरफ्तारी की गई है। नोएडा में 13 अप्रैल को फैक्टरियों के हजारों कामगारों ने वेतन वृद्धि सहित अन्य मांगों को लेकर हड़ताल शुरू कर दी थी। विरोध प्रदर्शन कई जगहों पर हिंसक हो गया, जिसके चलते आगजनी, पत्थरबाजी और तोड़फोड़ की घटनाएं हुईं। पुलिस प्रवक्ता विजय कुमार गुप्ता ने कहा, ”हिमांशु ठाकुर घटना के दिन नोएडा में मौजूद था और वह कथित मुख्य साजिशकर्ता आदित्य आनंद के लगातार संपर्क में था।” अधिकारियों के अनुसार, हिमांशु ठाकुर एक यूट्यूबर है और श्रमिकों से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय रहा है।