नई दिल्ली: उत्तर-पश्चिम दिल्ली के जहांगीरपुरी थाने में 34-वर्षीय एक व्यक्ति की तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई।
प्रारंभिक चिकित्सा रिपोर्ट के अनुसार
( 20 अप्रैल), मौत की वजह शरीर में पानी की कमी थी। इसे हिरासत में मौत का संदिग्ध मामला माना जा रहा है। यह घटना रविवार तड़के उस वक्त घटी जब भलस्वा डेयरी के निवासी अनीश को गश्ती दल के कर्मचारियों ने संदेह के आधार पर हिरासत में ले लिया और सत्यापन के लिए थाने ले आए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि अनीश के अनुरोध पर ही पुलिसकर्मियों ने उसे बाबू जगजीवन राम मेमोरियल (बीजेआरएम) अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच और चिकित्सा-कानूनी मामले (एमएलसी) की रिपोर्ट में शरीर पर किसी प्रकार की बाहरी चोट या हमले का कोई निशान नहीं मिला।