नई दिल्ली, 22 अप्रैल । कांग्रेस ने बुधवार को फैसला किया कि वह लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए आरक्षण में अन्य पिछड़े (ओबीसी) वर्ग के लिए कोटा सुनिश्चित करने की मांग को राष्ट्रीय स्तर पर पुरजोर तरीके से उठाएगी और इसे एक राष्ट्रीय विमर्श बनाने का प्रयास करेगी। पार्टी के ओबीसी विभाग से संबंधित सलाहकार परिषद की बैठक में इस विषय पर विस्तृत चर्चा की गई। इस बैठक में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पार्टी महासचिव सचिन पायलट, ओबीसी विभाग के अध्यक्ष अनिल ‘जयहिंद’ यादव समेत कई नेता शामिल हुए।
सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में शामिल कांग्रेस नेताओं ने इस बात पर जोर दिया कि पहले कई संस्थानों ने ओबीसी पर डेटा की कमी का हवाला दिया था लेकिन जाति जनगणना होने के बाद जब यह डेटा उपलब्ध होगा तो उसके आधार पर ओबीसी समुदायों को विभिन्न क्षेत्रों में उनकी हिस्सेदारी भी मिलनी चाहिए।