नई दिल्ली, 15 अप्रैल । दिल्ली पुलिस ने सराय काले खां के पास आधी रात को हुई एक मुठभेड़ के बाद बांग्लादेश स्थित डकैतों के एक गिरोह के छह कथित सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि यह गिरोह कई राज्यों में डकैती और हत्या की वारदात को अंजाम देने में शामिल था । पुलिस ने दावा किया कि “बांग्लादेश के बागेरहाट जिले के रहने वाले इन आरोपियों को एक गुप्त सूचना के आधार पर 14 और 15 अप्रैल की दरमियानी रात को अपराध शाखा के रंगदारी एवं अपहरण विरोधी प्रकोष्ठ (एईकेसी) द्वारा चलाए गए एक अभियान के दौरान पकड़ा गया।” अधिकारी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमन हौलधर उर्फ पन्नू (35), सैफुल इस्लाम (31), सोहेल शेख (35), मोहम्मद नासिर (48), नूर इस्लाम उर्फ नदीम खान (56) और जाकिर (40) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि उनके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान उनके कब्जे से चार देसी कट्टे, कारतूस, कारतूस के खोखे और घरों में सेंधमारी करने के उपकरण बरामद किए गए।