नई दिल्ली, 15 अप्रैल। दिल्ली के गृह मंत्री आशीष सूद ने बुधवार को दिल्ली अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान की शुरुआत की, जिसमें “सेफ स्कूल कैंपेन” भी शामिल है।
इसका उद्देश्य राष्ट्रीय राजधानी के स्कूलों और अस्पतालों में सुरक्षा तंत्र को मजबूत करना है। एक बयान के अनुसार, 14 से 20 अप्रैल तक मनाए जा रहे अग्निशमन सेवा सप्ताह के तहत शिक्षा विभाग और दिल्ली अग्निशमन सेवा द्वारा आयोजित इस अभियान का उद्देश्य अग्नि सुरक्षा और तैयारी को बढ़ावा देने में जनता की भागीदारी को बढ़ाना है। कार्यक्रम को आनलाइन माध्यम से संबोधित करते हुए सूद ने कहा कि सुरक्षा सुनिश्चित करना एक सामूहिक जिम्मेदारी है और उन्होंने नागरिकों से सुरक्षित वातावरण के निर्माण में सक्रिय रूप से योगदान देने का आह्वान किया।