नई दिल्ली, 14 अप्रैल। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती के अवसर पर मंगलवार से शुरू हुआ दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लगभग 12,000 करोड़ रुपये की लागत से बने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को देश को समर्पित किया है।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा परिवहन मंत्रालय के तहत दिल्ली में करीब 1.25 लाख करोड़ रुपये के काम चल रहे हैं, जो राजधानी के बुनियादी ढांचे को नई दिशा दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि 12,000 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह एक्सप्रेसवे दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा समय को लगभग 6 से 7 घंटे से घटाकर मात्र 2 से 2.5 घंटे कर देगा। उन्होंने इसे केवल दूरी कम करने वाला प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि दिल्ली की आधुनिकता को देवभूमि की आध्यात्मिकता से जोड़ने वाला सेतु बताया।
मुख्यमंत्री ने ‘डबल इंजन सरकार’ की ताकत का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों के बेहतर तालमेल से दिल्ली तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रही है।