नई दिल्ली। विश्व हिंदू परिषद के महासचिव बजरंग बागड़ा ने व्यापार और उद्योग से जुड़े शीर्ष निकायों से कार्पोरेट जगत में काम कर रही महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।
उन्होंने फिक्की, सी आई आई, एसोचैम, आईसीसी, बीसीसी, पीएचडीसीआईआई, नैसकाम जैसे संगठनों को पत्र लिख कर यह अपील की। उन्होंने उधोगपतियों से अनुरोध किया है कि वे टीसीएस में हुए घटनाक्रम के मद्देनजर उस नजरिए से महिलाओं को सुरक्षित करें। बागड़ा ने हाल ही में नासिक स्थित टीसीएस में हुए घटनाक्रम का हवाला देते हुए उद्योग संगठनों से महिलाओं की सुरक्षा के मामले में तुरंत उचित कार्रवाई करने की अपील की है। बागड़ा ने प्रेस कांफ्रेस कर उद्योग और व्यापार संगठनों का ध्यान टीसीएस में चल रहे धर्म-परिवर्तन के षड्यंत्र की ओर खींचा।
उन्होंने दावा किया कि ‘शिकारी’ की भूमिका में एक विशेष धार्मिक समुदाय से जुड़े कुछ पुरुष कर्मचारियों ने दूसरे समुदाय की महिला कर्मचारियों के साथ ही पुरुष कर्मचारियों को भी अपना निशाना बनाया। बागड़ा ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद चाहती है कि टीसीएस में हुए निंदनीय घटनाक्रम को ध्यान में रखते हुए कार्पोरेट जगत की सभी कंपनियां विशेष रूप से कार्मिक विभाग में की गई भर्तियों की गंभीर समीक्षा करते हुए तत्काल सुधारात्मक कदम उठाएं।