नई दिल्ली, 18 अप्रैल। देश में रसोई गैस (एलपीजी) की मांग अब धीरे-धीरे सामान्य स्तर पर लौट रही है, क्योंकि घरेलू आपूर्ति बढ़ी है।
हॉर्मुज जलडमरूमध्य खुलने से इसे और सामान्य होने के आसार है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा- पश्चिम एशिया में युद्ध छिड़ने के कारण वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित होने से भारत में भी एलपीजी की उपलब्धता पर असर पड़ा था। हॉर्मुज जलडमरूमध्य खुलने से अब सरकार को लगता है कि अफवाह खत्म होगें और एलपीजी की बुकिंग सामान्य होगी। क्योंकि इससे पहले अफवाहों के चलते उपभोक्ताओं में घबराहट बढ़ी थी और पिछले महीने दैनिक बुकिंग बढ़कर 88 लाख तक पहुंच गई थी। जबकि सामान्य समय में प्रतिदिन करीब 45 लाख सिलेंडर की ही बुकिंग होती है। सरकार ने कहा-‘कुल मांग में से करीब 98 प्रतिशत बुकिंग ऑनलाइन हो रही है, जबकि 90 प्रतिशत से अधिक डिलीवरी प्रमाणित होने से दुरुपयोग पर रोक लगी है। इसके अलावा, वाणिज्यिक गैस की आपूर्ति भी अब संकट-पूर्व स्तर के करीब 70 प्रतिशत तक बहाल हो चुकी है।’ इसे जल्द ही पहले की तरह करने के प्रयास किए जा रहे हैं।