पटना, 15 अप्रैल । बिहार में नवनिर्मित सम्राट चौधरी सरकार में बुधवार को विभागों का बंटवारा कर दिया गया। मुख्यमंत्री ने अपने पास गृह, सतर्कता, राजस्व एवं भूमि सुधार और स्वास्थ्य समेत करीब 26 विभाग रखे हैं। कैबिनेट सचिवालय विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, मुख्यमंत्री के अलावा शपथ लेने वाले दो नेताओं–विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है ।
मुख्यमंत्री के पास कृषि, श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण, आपदा प्रबंधन, पंचायती राज और उद्योग एवं अन्य कई विभाग भी हैं।
अधिसूचना के अनुसार, सम्राट चौधरी के पास कुल 26 विभाग हैं। वह उन सभी विभागों के भी प्रभारी होंगे जो किसी अन्य मंत्री को आवंटित नहीं किए गए हैं। विजय कुमार चौधरी को कुल 10 विभाग दिए गए हैं, जिनमें जल संसाधन, संसदीय कार्य तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग आदि शामिल हैं। ये विभाग उन्होंने पूर्ववर्ती नीतीश कुमार सरकार में भी संभाले थे। बिजेंद्र प्रसाद यादव को आठ विभागों की जिम्मेदारी दी गई है, जिनमें ऊर्जा, वित्त, योजना एवं विकास आदि शामिल हैं।