नई दिल्ली, 13 अप्रैल । दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने अशोक विहार के पिकनिक हट पार्क में एक शख्स की हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए दो नाबालिगों को पकड़ा है। पुलिस के अनुसार, इन दोनों की पहचान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की गई थी और अपराध करने के बाद से ही वे फरार थे। अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) पंकज कुमार ने एक बयान में बताया कि भारत नगर थाने में दर्ज हत्या के मामले में वांछित दो संदिग्ध रविवार दोपहर करीब एक बजे अपने एक सहयोगी से पैसे लेने के लिए मुकरबा चौक फ्लाईओवर के पास आएंगे, जिसके बाद जाल बिछाकर दोनों को पकड़ लिया गया। उनके मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों नाबालिगों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर हत्या की इस वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।