नई दिल्ली, 10 अप्रैल। दिल्ली पुलिस ने विदेश में नौकरी और वीजा सेवाएं प्रदान करने के बहाने लोगों को ठगने वाले एक अंतरराज्यीय साइबर धोखाधड़ी गिरोह का भंडाफोड़ किया है और तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों की पहचान नंद किशोर प्रसाद, अहमद हयात खान और मुश्ताक खान के रूप में हुई है। पुलिस ने शादाब उर्फ मोहम्मद खुशनूद को मास्टरमाइंड बताया है जो ऑनलाइन मंचों के माध्यम से जानकारी जुटाता था। हालांकि, वह फरार है।। पुलिस ने बताया कि यह गिरोह सुनियोजित तरीके से काम करता था और सोशल मीडिया और मैसेजिंग मंचों के जरिए फर्जी विदेशी नौकरी के प्रस्तावों से पीड़ितों को निशाना बनाता था।
पीड़ितों का भरोसा जीतने के लिए उन्हें जाली वीजा दस्तावेज दिखाए जाते थे। आरोपी ने प्रत्येक पीड़ित से 15,000 रुपए से लेकर 90,000 रुपये तक की रकम वसूली और फिर उनसे संपर्क खत्म कर लिया। जाली दस्तावेज़, फर्जी स्टाम्प और मुहरें बरामद की गई है।