अयोध्या, 10 अप्रैल । उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले में शुक्रवार सुबह एक महिला ने विवाद के बाद कथित तौर पर अपने पति की हत्या कर दी और फिर ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के मुताबिक यह घटना अयोध्या के रौनाही थाना क्षेत्र के गरेरू गांव की है।
पुलिस ने बताया कि घटनाक्रम की शुरुआत तब हुई जब शुक्रवार की सुबह घर के बुजुर्ग सदस्य गेहूं काटने के लिए खेत में गये थे। घर पर शिवा (27) और उसकी पत्नी संजू (26) के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। गुस्से में आकर संजू ने अपने पति शिवा के सिर पर हथौड़े से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
अपराध को छिपाने के लिए संजू ने अपने पति के शव को कमरे में बंद कर दिया और बाहर से ताला लगाकर देवराकोट रेलवे ट्रैक पर चली गई जहां वह ट्रेन के सामने कूद गई। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बलवंत चौधरी ने बताया कि देवराकोट के पास ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौत हो गई।