मथुरा, 10 अप्रैल । उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में शुक्रवार को यमुना नदी में श्रद्धालुओं/पर्यटकों से भरे स्टीमर (नौका) के पलट जाने से उसमें सवार छह लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य लापता हैं।
मथुरा के जिलाधिकारी (डीएम) चंद्र प्रकाश सिंह ने इस हादसे में छह लोगों की मौत की पुष्टि की है। राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीमें लगभग 50 स्थानीय गोताखोरों के साथ मिलकर बचाव अभियान चला रही हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने मीडिया को बताया कि तेज हवाओं के कारण स्टीमर (नौका) बीच नदी में तेजी से डगमगाने लगी, फिर उसकी गति बढ़ गई और वह एक पुल से टकरा गई, इसके बाद नौका पलट गई। डीएम चंद्र प्रकाश ने कहा, “छह लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं। अब तक 16 से 17 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। लापता लोगों की तलाश जारी है।” इस घटना के समय उक्त नौका में दो दर्जन से अधिक पर्यटक सवार थे।