नई दिल्ली, 9 अप्रैल । बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेंगे, जिसके साथ उनके मुख्यमंत्री पद छोड़ने और राज्य में नयी सरकार के गठन का मार्ग प्रशस्त होगा। कुमार बृहस्पतिवार को दिल्ली पहुंचे। जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा सहित पार्टी कई नेताओं ने हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया।
कुमार ने हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से कहा, ”मैं यहां शपथ लेने के लिए आया हूं।” उन्हें राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन के कक्ष में उच्च सदन के सदस्य के रूप में शपथ दिलाई जाएगी। कुमार राज्यसभा के सदस्य बनने के बाद मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं और फिर कुछ दिनों के भीतर नयी सरकार का गठन हो सकता है। माना जा रहा है कि 14 अप्रैल को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) द्वारा बिहार के नए मुख्यमंत्री का चयन किया जा सकता है।
बिहार के मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद शपथ लेंगे और जल्द ही मुख्यमंत्री का पद छोड़ देंगे।