नई दिल्ली, 9 अप्रैल। दिल्ली पुलिस ने निवेश पर मोटे मुनाफे का झांसा देकर 74 लाख रुपए की ठगी करने के दो अलग अलग मामलों में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पहले मामले में, ग्रेटर नोएडा निवासी राहुल त्यागी नामक व्यक्ति को 27.82 लाख रुपये की धोखाधड़ी में कथित भूमिका के लिए गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता को एक सोशल मीडिया ग्रुप में जोड़ा गया और उसे शेयर बाजार और आईपीओ मंचों में निवेश करने का लालच दिया गया। पीड़ित को बहला-फुसलाकर कई बैंक खातों में 27.82 लाख रुपये स्थानांतरित करने के लिए मजबूर किया गया।
एक अन्य मामले में, पुलिस ने ग्रेटर नोएडा निवासी रिंकू (36) को 47 लाख रुपये की निवेश धोखाधड़ी में संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तार किया। इस मामले में शिकायतकर्ता से 47 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई, जिसमें से 31.45 लाख रुपये रिंकू के बैंक खाते में भेजे गए थे।