नई दिल्ली, 8 अप्रैल। दिल्ली के पीतमपुरा क्षेत्र में पुलिस ने एक फर्जी काल सेंटर का भंडाफोड़ कर 12 महिलाओं समेत 19 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गये लोगों पर आरोप है कि उन्होंने एक वित्तीय कंपनी के प्रतिनिधि बनकर देश के विभिन्न राज्यों के लोगों के साथ ठगी की है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक आरोपियों ने बताया कि वे लोगों को ऋण और बीमा संबंधी सेवाएं देने का झांसा देते थे और प्रक्रिया संबंधी शुल्क के नाम पर 1500-2000 हजार रुपये डिजिटल माध्यम से वसूल लेते थे। उन्होंने बताया कि पैसा मिलने के बाद, आरोपी कॉल का जवाब देना बंद कर देते थे और पकड़े जाने से बचने के लिए अपने सिम कार्ड बदल देते थे। दावा है कि ठगी का सारा काम पीतमपुरा में स्थित एक मैनेजर की देखरेख में चलाया जा रहा था।