नई दिल्ली, 8 अप्रैल । दिल्ली पुलिस ने निहाल विहार इलाके में 11 वर्षीय बच्ची से छेड़छाड़ के आरोप में 25 वर्षीय सब्जी विक्रेता को गिरफ्तार किया है। आरोपी धर्मेंद्र मौके से फरार हो गया था। इसके बाद पीड़िता का बयान उसके माता-पिता की उपस्थिति में दर्ज किया गया। बाहरी जिले के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) विक्रम सिंह ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा और पोक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
विशेष टीम ने इलाके में लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें आरोपी को लक्ष्मी पार्क के पास देखा गया। डीसीपी के मुताबिक, पुलिस ने जानकारी के आधार पर छापेमारी कर आरोपी को पकड़ लिया। वह इलाके में सब्जी बेचने का काम करता है।