नई दिल्ली, 8 अप्रैल । भारतीय युवा कांग्रेस ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ अभद्र टिप्पणी को लेकर बुधवार को असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्च शर्मा के खिलाफ प्रदर्शन किया तथा उन पर अनुसूचित जाति (एससी) एवं अनुसूचित जनजाति (एसटी) के अपमान का आरोप लगाया। युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदयभानु चिब के नेतृत्व में संगठन के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन किया।
शर्मा ने असम में मंगलवार को संवाददाताओं से बातचीत में खरगे के लिए ”पागल” शब्द का इस्तेमाल किया था। चिब ने कहा, ”असम के मुख्यमंत्री ने कांग्रेस अध्यक्ष के लिए जिस प्रकार कि भाषा का इस्तेमाल किया है वो पूरी तरह अपमानजनक और अस्वीकार्य है। खरगे देश के एक वरिष्ठ और लोकप्रिय नेता हैं, उनका अपमान किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि इस देश के एससी-एसटी समाज के करोड़ों लोगों का भी अपमान है।’