नई दिल्ली, 8 अप्रैल । आम आदमी पार्टी (आप) ने बुधवार को कहा कि गुजरात में आप की मजबूत स्थिति से घबराई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उसके उसके कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करा रही है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने कहा कि भाजपा नेताओं ने गुजरात से ‘आप’ के विधायक गोपाल इटालिया की मां को धमकी दी है और वहां की सरकार ने पार्टी के कई सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
ढांडा ने कहा, ”पिछले कुछ दिनों में गुजरात में आम आदमी पार्टी के 160 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है। अब वे गोपाल इटालिया को एक फर्जी मामले में गिरफ्तार करने की साजिश रच रहे हैं। वे उन्हें और उनके परिवार को डराने का प्रयास कर रहे हैं।” इन आरोपों पर भाजपा की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। ढांडा ने कहा, ”गुजरात के हर गांव, हर बूथ तक ‘आप’ की पहुंच मजबूत होने से भाजपा डरी हुई है। चाहे जेल में डालो, मुकदमे करो या कोई भी अलोकतांत्रिक तरीका अपनाओ या कुछ भी करो हम ‘आप’ के कार्यकर्ता हैं और हम नहीं डरते।” आप नेता ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा ने दिल्ली में जीत हथियाने के लिए गुप्त और अनुचित तरीकों का सहारा लिया।