नई दिल्ली: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी के छह फ्लाईओवर के नीचे के खाली स्थानों के सौंदर्यीकरण व उन्हें उपयोगी बनाने के लिए तीन कंपनियों के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
यह एमओयू दिल्ली सचिवालय में दिल्ली सरकार के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) व डालमिया भारत लिमिटेड, गोदरेज इंडस्ट्रीज ग्रुप और इज माय ट्रिप फाउंडेशन के साथ हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस समझौते के तहत फ्लाईओवर के नीचे खाली और उपेक्षित जगहों को सुंदर, उपयोगी और लोगों के काम आने वाले स्थानों में बदला जाएगा। उन्होंने कहा कि इन जगहों पर हरियाली विकसित की जाएगी, दीवारों पर आकर्षक चित्र बनाए जाएंगे, बैठने की सुविधा होगी, साफ-सफाई का अच्छा इंतजाम किया जाएगा और लोगों के उपयोग के लिए जरूरी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। इस परियोजना के तहत अलग-अलग कंपनियां दिल्ली के कई फ्लाईओवरों के नीचे की जगहों को सुंदर और उपयोगी बनाएंगी। सबसे पहले, अप्सरा बॉर्डर फ्लाईओवर और मयूर विहार फेज-एक फ्लाईओवर का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इसमें कहा गया है कि इसके बाद नेताजी सुभाष पैलेस (एनएसपी) फ्लाईओवर को विकसित किया जाएगा। बयान के अनुसार, ओबराय फ्लाईओवर , लोधी फ्लाईओवर और मांगी सेतु/हनुमान सेतु के नीचे की जगहों को सुंदर बनाएगा।