नई दिल्ली, 3 अप्रैल । उत्तर-पूर्वी दिल्ली के यमुना विहार इलाके में एक आवासीय इमारत में शुक्रवार को आग लग गई, हालांकि इसमें फंसे दो बच्चों सहित चार लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, मोहनपुरी इलाके की एक इमारत में आग लगने की सूचना मिलने के बाद तुरंत दमकल की दो गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। हालांकि, दमकल कर्मियों ने शाम साढ़े चार बजे तक आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया। इस बचाव अभियान के दौरान इमारत से जिन चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, उनकी पहचान सलमान (24), उनकी बेटी हिबजा (3), बेटा हनिमजा (2) और जज़ीना (50) के रूप में हुई है। अधिकारी ने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है।