नई दिल्ली, 3 अप्रैल । दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के रजोकरी गांव इलाके में शुक्रवार को एक रेडी-मिक्स कंक्रीट संयंत्र में ट्रक को पीछे ले जाने के दौरान उसकी चपेट में आने से एक 48 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि संयंत्र के एक कर्मचारी ने वसंत कुंज दक्षिण थाने को काल कर हादसे की सूचना दी। पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और पीड़ित की पहचान रजोकरी निवासी सुरेंद्र शाह के रूप में की जो वहां अचेत अवस्था में पड़ा था। प्रारंभिक जांच में पता चला कि गुरुग्राम की एक कपड़ा फैक्टरी में काम करने वाला शाह कंक्रीट मिक्स खरीदने के लिए प्लांट आया था। पुलिस अधिकारी ने कहा, “जब वह सामग्री इकट्ठा कर रहा था और वाहन के पास जमीन पर बैठा था, तभी अनिल विश्वकर्मा नामक ट्रक चालक ने कथित तौर पर अपना वाहन पीछे किया जिससे शाह को टक्कर लगी।” उसे तुरंत सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।