लखनऊ, 29 मार्च । बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने रविवार को दावा किया कि जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के सभी जरूरी बुनियादी कार्य उनकी सरकार में ही शुरू हो गए थे।
बसपा प्रमुख मायावती ने रविवार को अपने आधिकारिक “एक्स” हैंडल से एक लंबी पोस्ट में कहा “काफी लम्बे इंतज़ार के बाद जेवर में नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के प्रथम चरण का कल उद्घाटन हुआ जबकि इसकी रूपरेखा ही नहीं बल्कि इसके सभी जरूरी बुनियादी कार्य बसपा की मेरी सरकार में ही शुरू हो गये थे।”
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को गौतमबुद्ध नगर जिले के जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के प्रथम चरण का उद्घाटन किया।
लगभग 11,200 करोड़ रुपये के निवेश से विकसित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के प्रथम चरण के उद्घाटन के बाद एक सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले की सरकारों ने वर्षों तक इस हवाई अड्डे की नींव तक नहीं पड़ने दी।