नयी दिल्ली, 29 मार्च । दिल्ली के गोकलपुरी इलाके में शनिवार देर रात एक इमारत में लगी आग से बचने के लिए पहली मंजिल से कूद जाने के कारण दो साल के बच्चे सहित चार लोग घायल हो गए।
दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के अधिकारियों ने रविवार को बताया कि भूतल पर खड़े दो स्कूटर और एक मोटरसाइकिल में आग लगने के बाद छह मंजिला इमारत में धुआं भर गया और इमारत से आठ लोगों को बचाया गया। एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना भजनपुरा के पास चांद बाग इलाके के एफ ब्लॉक स्थित एक मकान में रात करीब ढाई बजे हुई।
उन्होंने बताया कि दमकलकर्मियों के घटनास्थल पर पहुंचने से पहले तीन महिलाएं और एक बच्चा इमारत की पहली मंजिल से कूद गए।
अधिकारी ने कहा, ”उनकी पहचान निखत (22), रशीदा (50), सोनी (25) और आशिफ (दो) के रूप में की गई है। चारों को जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया है। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।”