नई दिल्ली, 28 मार्च । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को भारत मंडपम में आयोजित इंडिया इनोवेट्स 2026 – दुनिया का सबसे बड़ा हैकाथॉन नाम के बड़े आयोजन में भाग लेकर देशभर से आए युवाओं का उत्साह बढ़ाया।
इस कार्यक्रम में हजारों युवाओं, प्रतिभागियों और प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस साल के आयोजन का विषय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोट तकनीक और जनहित से जुड़े नए विचारों पर आधारित है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां मौजूद युवा केवल तकनीक तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे शहरों को बेहतर बनाने, लोकतंत्र को मजबूत करने और समाज को ज्यादा सक्षम बनाने के लिए ठोस समाधान दे रहे हैं।
ऐसी दिल्ली का निर्माण किया जाना चाहिए जो इनोवेशन से प्रेरित हो, इंक्लूजन से सशक्त हो और जहां तकनीक के साथ-साथ विश्वास को भी समान महत्व दिया जाए। उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली सरकार युवाओं के विचारों और नवाचारों को शासन प्रणाली से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है ताकि तकनीक के माध्यम से नागरिकों का जीवन अधिक सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाया जा सके।