नई दिल्ली, 26 मार्च । दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में अवैध ‘टिंटेड’ ग्लास (कारों के काले शीशे) के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के दौरान थार समेत कुल 154 वाहनों पर कार्रवाई की गई और चार वाहन जब्त किए गए। पुलिस ने बताया कि कारों की खिड़कियों पर काली फिल्म लगाने को लेकर बढ़ती चिंताओं के मद्देनजर नजफगढ़ में यह अभियान चलाया गया।
पुलिस के अनुसार, कार के काली फिल्म लगे शीशे गंभीर सुरक्षा संबंधी चिंताएं पैदा करते हैं, खासकर महिलाओं के लिए, और इसका उपयोग आपराधिक गतिविधियों को छिपाने के लिए भी किया जा सकता है। इस अभियान के दौरान, अवैध रूप से काले शीशे के उपयोग को लेकर केंद्रीय मोटर वाहन नियम, 1989 की संबंधित धाराओं के तहत 154 वाहनों पर मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने एक बयान में कहा, ‘जिन वाहनों पर कार्रवाई की गई उनमें से अधिकांश में थार और स्कार्पियो जैसे मॉडल शामिल थे।’