नई दिल्ली, 26 मार्च । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को दुर्गा अष्टमी के अवसर पर शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र के एक सरकारी स्कूलों में इस वर्ष 10वीं कक्षा में प्रवेश लेने वाली 1100 छात्राओं को साइकिलें वितरित कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य यह है कि छात्राओं को स्कूल आने-जाने में आसानी हो। इस कार्यक्रम के दौरान, गुप्ता ने छात्राओं को साइकिल सौंपते हुए उनसे बातचीत भी की। वह शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र से ही विधायक हैं। उन्होंने पत्रकारों से कहा, अब साइकिल की मदद से लड़कियां बिना किसी परेशानी के अपने घर और स्कूल आ जा सकेंगी।” उन्होंने कहा, “इसी श्रद्धा और संकल्प के साथ आज 1100 बेटियों को साइकिलें प्रदान की गईं। इस वर्ष से हमारी सरकार ने बजट में दिल्ली के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाली नौवीं कक्षा में उत्तीर्ण 1,30,000 बेटियों को साइकिल प्रदान करने का प्रावधान किया है।