नई दिल्ली,26 मार्च। दिल्ली पुलिस ने जन्मदिन मनाने के लिए पैसा जुटाने के वास्ते बाइक छीनने, लूटपाट और चोरी की कई वारदात में शामिल सात नााबलिगों को द्वारका से पकड़ा है।
पुलिस अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि आरोपियों का संबंध द्वारका उत्तर और नजफगढ़ क्षेत्रों में दर्ज कम से कम तीन मामलों से पाया गया है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई मोहन गार्डन निवासी निखिल (22) द्वारा 15 मार्च को दर्ज कराई गई शिकायत के बाद की गई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमलावरों ने कथित तौर पर उन्हें चाकू दिखाकर धमकाया, उन पर हमला किया और मोटरसाइकिल और 2,000 रुपये लूटकर फरार हो गये। द्वारका के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) कुशल पाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने लगभग 10 किलोमीटर के क्षेत्र में लगे लगभग 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला। उन्होंने कहा कि तकनीकी निगरानी और स्थानीय खुफिया जानकारी की मदद से, इन नाबालिगों को पकड़ा गया और लूटी गई मोटरसाइकिल बरामद की गईं।