नई दिल्ली, 26 मार्च। पटना-टाटानगर वंदे भारत एक्सप्रेस में एक यात्री को परोसे गए पैकेटबंद दही में कीड़े मिलने के बाद रेलवे ने संबंधित विक्रेता का अनुबंध समाप्त कर दिया है और संबंधित कंपनी पर 50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
रेल मंत्रालय ने मामले को ठीक से न संभालने के लिए अपनी ही कंपनी, भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) पर भी 10 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है। पंद्रह मार्च को, वंदे भारत ट्रेन में सवार सात यात्रियों को रात के भोजन साथ एक जाने-माने ब्रांड का पैकेटबंद दही परोसा गया। पैकेट खोलने पर यात्रियों को उसमें जीवित कीड़े नजर आए। यात्री रितेश सिंह ने तुरंत अपने ‘एक्स’ हैंडल पर आईआरसीटीसी, रेल मंत्री और अन्य को टैग करते हुए इस मुद्दे को उठाया।
आईआरसीटीसी ने घटना-सह-कार्रवाई रिपोर्ट में पाया कि दही का पैकेट पटना से जब्त किया गया था और मामले को सही पाया। आईआरसीटीसी ने वेंडर के खिलाफ कुछ कार्रवाई भी की लेकिन रेल मंत्रालय इससे संतुष्ट नहीं हुआ।
रेल मंत्रालय ने बुधवार को आईआरसीटीसी को वेंडर कृष्णा एंटरप्राइजेज का अनुबंध समाप्त करने और जुर्माने की राशि 25,000 रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये करने का निर्देश दिया। रेल मंत्रालय ने आईआरसीटीसी पर भी 10 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है। मंत्रालय ने इस मामले को अपने ‘एक्स’ हैंडल पर भी पोस्ट किया है। पोस्ट में कहा गया है, ‘कार्रवाई की गई – आईआरसीटीसी पर 10 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है, सेवा प्रदाता पर 50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है और उसका अनुबंध समाप्त करने का आदेश दिया गया है। यात्रियों की सुरक्षा और गुणवत्ता हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता बनी रहेगी।’