नई दिल्ली, 25 मार्च। दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने प्रेरणा भवन का उद्घाटन किया इस मौके पर डूसू पदाधिकारी मौजूद थे। यह भवन स्टूडेंट्स एक्टिविटी सेंटर होगा जिसमें दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) कार्यालय भी बनाया गया है।
औपचारिक उद्घाटन के पश्चात कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने पूरे भवन का अवलोकन किया और कहा कि यह प्रेरणा भवन विद्यार्थियों के लिए प्रेरक होगा। उन्होंने बताया कि यह भवन विभिन्न छात्र केन्द्रित गतिविधियों का केंद्र रहेगा। इस अवसर पर कुलपति ने डूसू पदाधिकारियों के साथ चर्चा भी की और स्टूडेंट्स एक्टिविटी सेंटर के संचालन को लेकर सुझाव भी दिये।
कुलपति ने बताया कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस प्रेरणा भवन के ग्राउंड फ्लोर पर 50 से अधिक लोगों के बैठने की क्षमता वाला एक कैफेटेरिया बनाया गया है और उसके साथ ही एक यूटिलिटी शॉप बनाई गई है।
कैफेटेरिया में स्टोर रूम और किचन की अलग से व्यवस्था की गई है। भवन के बेसमेंट में जिम और गेम जोन बनाया गया है। इमारत के फर्स्ट फ्लोर पर 120 लोगों की बैठने की क्षमता का एक सेमिनार हाल बनाया गया है। इमारत में सेकंड फ्लोर पर एक मीटिंग रूम और डूसू अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव व संयुक्त सचिव के लिए अलग-अलग कार्यालय बनाए गए हैं।