नई दिल्ली, 23 मार्च। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर बड़ी भविष्यवाणी की है। उन्होंने कहा कि अब मोदी-शाह जाने वाले हैं, उनका साम्राज्य ख़त्म होने वाला है।
हमें नहीं लगता है कि वह प्रधानमंत्री के तौर पर 2026 भी पूरा नहीं कर पाएंगे। जनता के बीच अब अलोकप्रिय हो चुके हैं और सिर्फ बेइमानी से चुनाव जीत रहे हैं। दिल्ली इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। मोदी सरकार ने 12 सालों में हर तरह के कुकर्म किए। इसलिए इनका पूरा कालखंड इतिहास में काले अक्षरों में लिखा जाएगा। जब देश को मोदी-शाह से मुक्ति मिलेगी, तब हमें इस बात की संतुष्टि होगी कि इस लड़ाई में हमने भी थोड़ा सा योगदान दिया था। सोमवार को गुजरात में शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत की किताब “अनलाइकली पैराडाइज” के विमोचन के दौरान अरविंद केजरीवाल ने ये बातें कही।
उन्होंने संजय राउत को ‘अनलाइकली पैराडाइज’ किताब लिखने के लिए बधाई देते हुए कहा जिन लोगों ने इसे नहीं पढ़ा है, वे जरूर पढ़ें। प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह जाने वाले हैं और उनका साम्राज्य अब खत्म होने वाला है।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मोदी जनता के बीच इतने अलोकप्रिय हो चुके हैं कि इन लोगों ने हजारों-लाखों ट्रोल बिठा रखे हैं, लेकिन इसके बावजूद वे सोशल मीडिया का नैरेटिव कंट्रोल नहीं कर पा रहे हैं। पूरे सोशल मीडिया का माहौल और इकोसिस्टम बदल चुका है। यही बताता है कि आज उनकी लोकप्रियता पाताल लोक में पहुंच चुकी है।