नयी दिल्ली, 23 मार्च। राजधानी दिल्ली में अवैध शराब की आपूर्ति में शामिल होने के संदिग्ध दो व्यक्तियों को पिछले महीने आबकारी विभाग के एक कांस्टेबल और उसके चालक को बंदूक का भय दिखाकर अगवा करने और धमकाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि देश से भागने की कोशिश करते समय भारत-नेपाल सीमा तक अंतरराज्यीय पीछा करने के बाद ‘मुख्य षड्यंत्रकारी’ को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान हरियाणा के रोहतक निवासी राहुल नैन और झज्जर निवासी विनोद कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि विनोद कुमार एक आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं।