नई दिल्ली, 22 मार्च। दिल्ली में खुद को खरीदार के रूप में पेश करने के बाद चलाकर देखने के बहाने मोटरसाइकिलें लेकर भागने के आरोपी 29 वर्षीय जालसाज को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को बताया कि आरोपी की पहचान हरियाणा के रेवाड़ी निवासी पुनीत सतीजा के रूप में हुई है, जिसे हाल ही में एक शोरूम से हुई मोटरसाइकिल चोरी की जांच के बाद गिरफ्तार किया गया था। पुलिस उपायुक्त (रोहिणी) शशांक जायसवाल ने एक बयान में कहा, “रायल एनफील्ड शोरूम के एक कर्मचारी की शिकायत के बाद 19 मार्च को मामला दर्ज किया गया था, जिसने आरोप लगाया था कि एक ग्राहक बाइक को चलाकर देखने के लिए ले गया और उसे वापस नहीं लौटाया।”