बहराइच, 22 मार्च । उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के कतर्नियाघाट वन्यजीव अभयारण्य क्षेत्र के भवानीपुर गांव में रविवार सुबह जंगल के किनारे हाथी के हमले में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पिछले 36 दिनों में हाथी के हमले में किसी व्यक्ति की मौत की यह तीसरी घटना है, जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। कतर्नियाघाट वन्यजीव अभयारण्य के प्रभागीय वनाधिकारी अपूर्व दीक्षित के मुताबिक कतर्निया रेंज के भवानीपुर गांव की 80 वर्षीय कुवारिया देवी जंगल से सटे अपने खेत में बकरियां चरा रही थीं। इसी दौरान उनकी एक बकरी जंगल की ओर चली गई, जिसे खोजने के लिए वह जंगल की तरफ बढ़ीं। तभी जंगल से निकले एक हाथी ने उन पर हमला कर दिया और पैरों तले कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रभागीय वनाधिकारी ने बताया कि मृतका के परिजनों को 10 हजार रुपये की तात्कालिक सहायता दी गई है, जबकि शासन द्वारा दी जाने वाली पांच लाख रुपये की मुआवजा राशि के लिए आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से क्षेत्र में भय का माहौल है और ग्रामीण वन विभाग से रोकथाम के प्रभावी उपाय करने की मांग कर रहे हैं।