नई दिल्ली, 22 मार्च। दिल्ली के जनकपुरी इलाके में वाहनों की जांच के दौरान एक कार चालक ने भागने की कोशिश की और इसी दौरान दिल्ली यातायात पुलिस का एक कांस्टेबल टक्कर लगने से घायल हो गया। पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया और आरोपी चालक नीलेश कुमार को गिरफ्तार किया है, जो दिल्ली के द्वारका के बागडोला इलाके का निवासी है। उन्होंने बताया कि यह घटना शनिवार शाम को लाल साई मार्ग पर भारती कॉलेज के निकट हुई, जब यातायात कर्मी शराब पीकर गाड़ी चलाने पर अंकुश लगाने के लिए नियमित जांच कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, उपनिरीक्षक गुरदीप सिंह और कांस्टेबल मोहन पाल की टीम ने संदेह होने पर एक कार को रुकने का इशारा किया। हालांकि, चालक ने कथित तौर पर भागने की कोशिश की और इस दौरान उसने वाहन से कांस्टेबल को टक्कर मार दी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ”कांस्टेबल को सामने से टक्कर लगी और वह कार के बोनट पर गिर पड़े, जिसके बाद कुछ मीटर आगे जाकर वह सड़क पर जा गिरे।’