नई दिल्ली, 20 मार्च । दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के आरके पुरम में एक घर में सेंधमारी के आरोप में यहां एक पांच सितारा होटल में रात्रि में काम करने वाले 22 वर्षीय शेफ को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि आरोपी ने ताला खोलने के लिए ‘मास्टर’ चाबी का इस्तेमाल किया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी नीलेश उर्फ निकेश के पास से 2.69 लाख रुपए के आभूषण और नगद बरामद किया गया है। उसके पास से एक मास्टर चाबी और दो स्कूटर भी जब्त किए गए हैं। इनमें से एक स्कूटर कथित तौर पर चोरी का है। पुलिस के अनुसार, आर.के. पुरम सेक्टर-1 के एक निवासी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि इस महीने की शुरुआत में जब उनका परिवार राजस्थान में एक शादी समारोह से लौटा, तो घर से 3.5 लाख रुपए नकद और सोने-चांदी के गहने गायब थे। पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति को पहले गेट खोल कर अंदर घुसते हुए देखा गया और करीब आधे घंटे बाद वह चोरी का सामान लेकर स्कूटर से फरार होता दिखाई दिया। हालांकि, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया ।