आगरा: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विकास भवन सभागार में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मा0 मुख्यमंत्री, उ0प्र0 श्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा लखनऊ में राज्यस्तरीय कार्यक्रम में विभिन्न जनपद की उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से वेडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सम्वाद कर, उन्हें सम्मानित और प्रोत्साहित किया गया,जिसका सजीव प्रसारण का कार्यक्रम विकास भवन सभागार में किया गया, मा0 मुख्यमंत्री जी के सजीव प्रसारण को उपस्थित जनसमूह द्वारा देखा एवं सुना गया।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी महोदय श्री अरविन्द मल्लप्पा बंगारी जी द्वारा जनपद स्तर पर बाल श्रम और बाल विवाह रोकथाम के क्षेत्र में उत्कृष्ट और सराहनीय कार्य करने वाली स्वैच्छिक संगठन की महिलाओं, उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्री और मेधावी बालिकाओं को सम्मानित किया गया
जिसमें बीडी गर्ल्स इंटर कॉलेज, हाई स्कूल की छात्रा अपूर्वा गुप्ता व श्री एमएस इंटर कालेज, इण्टरमीडिएट की छात्रा मोनिका को रू0 5000 धनराशि का चेक व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसी क्रम में महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित स्पॉन्सरशिप योजना के लाभार्थी अलीन व लवली को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही उ0प्र0 सरकार द्वारा संचालित बालश्रम, बाल विवाह की रोकथाम के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले एनजीओ की महिलाओं- ईभा गर्ग, प्रतिमा भार्गव, भावना शर्मा व सोनी त्रिपाठी को प्रशस्ति व लाइफ प्लांट देकर सम्मानित किया गया साथ ही नवीन चयनित मुख्य सेविका (आंगनवाड़ी) को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती जय चतुर्वेदी द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी महोदय श्री अरविन्द मल्लप्पा बंगारी जी ने सभी महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाएं अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए हर क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां प्राप्त कर रही हैं। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति सृष्टि का आधार है तथा महिलाओं के त्याग और समर्पण से ही समाज और राष्ट्र सशक्त बनता है। उन्होंने कहा कि जनपद में अनेक महिलाएं स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से कार्य करते हुए आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। सरकार द्वारा महिलाओं के लिए शिक्षा, कौशल विकास एवं स्वावलंबन से जुड़ी अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने महिलाओं से सकारात्मक सोच के साथ जीवन के संघर्षों का सामना करते हुए आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती प्रतिभा सिंह, उप निदेशक महिला कल्याण श्रीमती श्रुति शुक्ला, परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास श्रीमती रेनु कुमारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री अतुल कुमार सोनी, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री मनोज कुमार मौर्या सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण आदि मौजूद रहे।