अंतराष्ट्रीय महिला दिवस
आगरा: मुख्य अतिथि मा0 केन्द्रीय मंत्री प्रो0 एस0पी0 सिंह बघेल की गरिमामई उपस्थिति में एकलव्य स्पोर्टस स्टेडियम में अंतराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर माय भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में अस्मिता पोर्टल के अंतर्गत भव्य महिला दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ मंत्री जी द्वारा फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि माननीय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल जी का स्वागत जिला युवा अधिकारी डॉ श्रवण कुमार सहगल द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं माल्यार्पण कर किया गया।
कार्यक्रम में जिले भर से आई लगभग 1000 महिला प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और खेल के प्रति अपना जोश व प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवतियों और महिलाओं की भागीदारी से पूरे स्टेडियम में उत्साह और ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला। इस प्रतियोगिता के अंतर्गत 100 मीटर, 200 मीटर तथा 400 मीटर दौड़ प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इन प्रतियोगिताओं को अंडर-13 वर्ष, 13 से 18 वर्ष तथा 18 वर्ष से अधिक महिला आयु वर्गों में आयोजित किया गया, जिसमें कुल 09 दौड़ स्पर्धाएं संपन्न हुईं। सभी प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लिया।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना, उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करना तथा महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना रहा।
केंद्रीय मंत्री प्रो. बघेल ने अपने संबोधन में कहा कि आज के समय में महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से पीछे नहीं हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं केवल घर-परिवार की जिम्मेदारियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे शिक्षा, खेल, विज्ञान, प्रशासन, राजनीति तथा अन्य सभी क्षेत्रों में आगे बढ़कर देश का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने युवतियों और महिलाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि लड़कियों को कभी भी स्वयं को किसी से कम नहीं समझना चाहिए और हर क्षेत्र में आगे बढ़कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करना चाहिए।
बघेल ने अपने संबोधन में कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर माई भारत के अन्तर्गत ‘अस्मिता लीग‘ का आयोजन किया गया है, जिसमें लगभग आगरा में एक हजार प्रतिभागियों ने भाग लिया, उन्होंने मा0 प्रधानमंत्री व मा0 मुख्यमंत्री जी को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि यह महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए सशक्तिकरण के लिए घर से निकलने के लिए और प्रतिभाग करने के लिए एक अवसर उन्होंने प्रदान किया है। इसके लिए उन्होंने क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी संजय जी और सहगल जी, स्टेडियम के अन्य कोचेस रेफरी का, युवा कल्याण स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट उत्तर प्रदेश सरकार को भी धन्यवाद दिया और कहा कि ऐसा आयोजन अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर करके केवल सेमिनार नहीं की है, फील्ड पर बालिकाओं को दौड़ने का अवसर प्रदान किया है।
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि अस्मिता दौड़ या अस्मिता खेलकूद का ’अस्मिता लीग’ का तीन क्रांतिकारी उद्देश्य हैं, इसमें स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मस्तिष्क होता है, स्वस्थ मस्तिष्क से स्वस्थ राष्ट्र का निर्माण होता है। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की सभी को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जी ने महिला सशक्तीकरण के बेहतरीन कार्य किए हैं,उसमें 33 प्रतिशत आरक्षण अगले चुनाव में लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं के लिए होगा। यह संख्या 33 प्रतिशत से ऊपर होगी, क्योंकि 33 प्रतिशत तो संवैधानिक संशोधन है; आप एमएलए-एमपी बनेंगी ही, लेकिन कुछ महिलाएं सामान्य सीटों पर भी लड़ेंगी। जैसे, अगर सुषमा स्वराज जी जीवित होतीं तो वे भी अनारक्षित सीट से लड़ना चाहतीं,चाहे रिजल्ट हो या न हो। बहुत सी महिलाएं अनारक्षित सीटों से भी आएंगी। दूसरा, मुस्लिम समाज की आधी आबादी को न्याय देने के लिए तीन तलाक समाप्त किया गया। तीसरा, पैरामिलिट्री फोर्सेस,सीआरपीएफ, बीएसएफ, आईटीबीपी आदि में आपका आरक्षण हो गया। न्यायपालिका में अभी आपका 30 प्रतिशत आरक्षण है।
इसके अलावा, पंचायत राज के देश भर में होने वाले चुनावों-प्रधान, बीडीसी सदस्य, ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य में 50 प्रतिशत महिलाओं के लिए आरक्षण है। उन्होंने कहा कि भारत में जिस तेजी से महिला सशक्तीकरण हुआ है, दुनिया के किसी अन्य देश में नहीं हुआ, अब हर क्षेत्र में एक महिला जरूर होती है। अमेरिका जो खुद को सबसे पुरानी लोकतंत्र कहता है और हम सबसे बड़ा लोकतंत्र हैं, वहां अभी तक महिला राष्ट्रपति नहीं बनी, लेकिन हमारे यहां तो उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य की पहली राज्यपाल सरोजिनी नायडू थीं, दूसरे या तीसरे कार्यकाल में सुचेता कृपलानी मुख्यमंत्री बनीं, भारत की गृहमंत्री महिला रह चुकी है, रक्षा मंत्री महिला रही, वित्त मंत्री इस समय महिला है, विदेश मंत्री महिला रह चुकी। कई राज्यों में गवर्नर महिलाएं हैं।
महिलायें अंतरिक्ष में जा रही हैं, फाइटर प्लेन उड़ा रही हैं, एयरफोर्स में कमीश्नर, डॉक्टर, लेफ्टिनेंट जनरल पद तक पहुंच रही हैं। स्पोर्टस में भी साइना नेहवाल, पीटी उषा को हम याद करते थे। लेकिन अब एशियाड, कॉमनवेल्थ या ओलंपिक में हमारी कोई न कोई बेटियां मेडल लाती है और बड़ी संख्या में ला रही है। मिस इंडिया, मिस वर्ल्ड तथा मिस यूनिवर्स भी ऐश्वर्या राय, सुष्मिता सेन बन चुकी हैं।
कार्यक्रम के दौरान जिला युवा अधिकारी डॉ श्रवण कुमार सहगल ने महिला प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाएं देश का गौरव होती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम महिलाओं को आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने युवतियों से आह्वान किया कि वे आगे भी ऐसे कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लें और खेलों के माध्यम से अपनी पहचान बनाएं।
प्रतियोगिता में विभिन्न वर्गों के विजेताओं ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-13 वर्ग 400 मीटर दौड़ में आराध्या ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, मित्थी चौधरी द्वितीय स्थान पर रहीं तथा आराध्या ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अंडर-18 वर्ग 200 मीटर दौड़ में सोनम ने प्रथम स्थान, कल्पना ने द्वितीय स्थान तथा खुशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं 18 वर्ष से अधिक वर्ग 400 मीटर दौड़ में नवसीन जोसेफ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, अनी त्यागी द्वितीय स्थान पर रहीं तथा अर्पिता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा लेमन स्पून रेस में आराध्या ने प्रथम स्थान, मिस्टी ने द्वितीय स्थान तथा हिमांशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में चैत्रीय क्रीड़ा अधिकारी संजय शर्मा, सविता श्रीवास्तव (जिला क्रीड़ा अधिकारी), जिला युवा कल्याण अधिकारी बिजेंद्र कुमार, पास चैंपियन एथलीट साहिल कुमार, राजेंद्र शर्मा, अंकित, अर्शिया, मनीषा तथा आशा रानी सहित अन्य सहयोगी मौजूद रहे।