नई दिल्ली, 1 मार्च। ईरान पर अमेरिका और इजराइल के हमलों के बाद पश्चिम एशिया से आने-जाने वाली उड़ानें बाधित होने के कारण सैकड़ों भारतीय दुबई व अन्य प्रमुख हवाई अड्डों पर फंसे हुए हैं, जिनमें से कई लोग सहायता के लिए भारत सरकार से अपील करने के लिए सोशल मीडिया का सहारा ले रहे हैं।
दुबई में फंसे लोगों में ओलंपिक पदक विजेता पी.वी. सिंधु, अभिनेत्री सोनल चौहान, कर्नाटक से जद (एस) के विधान परिषद सदस्य एस.एल. भोजेगौड़ा और उनका परिवार, बंगाली अभिनेत्री सुभाश्री गांगुली अपने बेटे के साथ, पर्यटक और छात्र समूह शामिल हैं।
ट्रैवल एजेंट संगठन के एक पदाधिकारी ने रविवार को बताया कि मध्यप्रदेश के दो पूर्व विधायकों सहित 700 से अधिक लोग उड़ान रद्द होने के कारण संयुक्त अरब अमीरात में फंसे हुए हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से दुबई में फंसे भारतीयों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने की अपील की जा रही है।