देहरादून 07 मार्च। श्री झण्डा जी मेले की पूर्व संध्या पर शनिवार को दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज के सज्जादे गद्दी नशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने संगतों को गुरु मंत्र प्रदान किया। गुरु मंत्र प्राप्त कर संगतें भावविभोर हो उठीं और स्वयं को धन्य-धन्य मानने लगीं। संगतों ने गुरु मंत्र को आत्मसात करते हुए श्री झण्डा साहिब और श्री गुरु राम राय जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। श्री महंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने गुरु महिमा का महत्व बताते हुए कहा कि जिस प्रकार सूर्य की किरणें सभी को समान रूप से प्रकाश और ऊष्मा देती हैं, उसी प्रकार आध्यात्मिक गुरु भी अपनी कृपा और करुणा सभी पर समान रूप से बरसाते हैं।
गुरु वह हैं जो हमारे अज्ञान रूपी अंधकार को दूर कर ज्ञान का प्रकाश फैलाते हैं। श्रद्धालुओं ने गुरु महाराज के शबद का सिमरन किया और गुरु महिमा का महत्व समझा।✨ ढोल की थाप पर गुरु भजन गाते हुए संगतों ने भक्ति और उल्लास के साथ नृत्य भी किया। पूरा श्री दरबार साहिब परिसर दिन भर धर्म, अध्यात्म, सेवा, भक्ति, उल्लास और उमंग के पवित्र वातावरण से गुंजायमान रहा।
श्री झण्डा जी मेले के मेला अधिकारी विजय गुलाटी ने जानकारी देते हुए बताया कि परंपरा के अनुसार शनिवार शाम को पूरब की संगत को पगड़ी, ताबीज और प्रसाद वितरित कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है और मेले की धार्मिक परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है।