नई दिल्ली, 1 मार्च। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सत्ता से बाहर जाने की उलटी गिनती शुरू हो गई है।
यहां जंतर-मंतर पर पार्टी की एक रैली को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह पर आबकारी नीति मामले में उन्हें फंसाने की साजिश रचने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि अदालत ने अपने हालिया ‘ऐतिहासिक’ फैसले में साबित कर दिया है कि वह “कट्टर ईमानदार” व्यक्ति हैं।
दिल्ली की एक अदालत ने दो दिन पहले ही कथित आबकारी नीति मामले में अरविंद केजरीवाल, पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और 21 अन्य को बड़ी राहत प्रदान की।
कई राज्यों से आए पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं की सभा को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री को हर किसी से डर लगता है।
उन्होंने कहा कि जब एक तानाशाह डरता है, तो यह उसके शासन के अंत का संकेत होता है। मोदी एक दिन संसद नहीं गए, उन्हें डर था कि महिला सांसद उन पर हमला कर सकती हैं। वह ट्रम्प से भी डरते हैं।”