नयी दिल्ली, 1 मार्च। ईरान पर अमेरिका और इजराइल के हमलों तथा खाड़ी क्षेत्र के हवाई क्षेत्र बंद होने के बाद रविवार को मुंबई और दिल्ली हवाई अड्डों पर कुल 225 अंतरराष्ट्रीय उड़ान रद्द रहीं।
मुंबई हवाई अड्डे पर 125 और दिल्ली हवाई अड्डे पर कम से कम 100 उड़ान रद्द हुईं। दिल्ली में 60 अंतरराष्ट्रीय प्रस्थान और 40 आगमन उड़ान रद्द हुईं।
दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डीआईएएल) ने कहा, “पश्चिम एशिया की बदलती राजनीतिक स्थिति के कारण पश्चिम की ओर जाने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में व्यवधान या समय में बदलाव हो सकता है। ” मुंबई हवाई अड्डे पर अपराह्न 2:30 बजे तक कुल 125 उड़ान रद्द की गईं, जिनमें 67 प्रस्थान और 58 आगमन उड़ान शामिल हैं।
सूत्रों के अनुसार, पश्चिम एशिया की घटनाओं के कारण मुंबई हवाई अड्डे पर पार्किंग की कमी के चलते शनिवार रात नौ बजे से रविवार सुबह आठ बजे तक किसी भी उड़ान का मार्ग बदलने की अनुमति नहीं दी गई थी।